सारण जिले के सोनपुर आयोजना क्षेत्र के दूसरे विस्तार प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस विस्तार के तहत मकेर और अमनौर प्रखंडों को भी आयोजना क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही सोनपुर आयोजना क्षेत्र का कुल दायरा बढ़कर लगभग 800 वर्ग किलोमीटर तक पहुंच जाएगा, जिससे यह बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में शामिल हो जाएगा।
सोमवार को बुद्ध मंदिर में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में हितधारकों से प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों की तकनीकी समीक्षा और निपटारा करने के बाद मकेर और अमनौर को शामिल करने के प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई।
अब इस प्रस्ताव को अंतिम गजट अधिसूचना जारी करने के लिए बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जाएगा। विभाग की मंजूरी मिलने के बाद सोनपुर आयोजना क्षेत्र का कुल क्षेत्रफल 798.94 वर्ग किलोमीटर हो जाएगा। विस्तारित क्षेत्र में 575 राजस्व ग्राम और तीन शहरी प्रशासनिक इकाइयाँ शामिल होंगी।
गौरतलब है कि सोनपुर आयोजना क्षेत्र को वर्ष 2023 में अधिसूचित किया गया था। इसके बाद वर्ष 2025 में इसका विस्तार कर लगभग 600 वर्ग किलोमीटर तक किया गया था। अब दूसरे विस्तार के तहत करीब 200 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त क्षेत्र को शामिल करने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है।
बैठक में ऑनलाइन जुड़े सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने इस विस्तार का स्वागत करते हुए कहा कि भविष्य में यह क्षेत्र “नया पटना” के रूप में विकसित हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास योजनाओं के दौरान स्थानीय किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और उन्हें औद्योगिक विकास से भी जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को नए शामिल क्षेत्रों के नक्शे, आधारभूत संरचना और विकास योजनाएं शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकारी स्वीकृति मिलते ही विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जा सके।
इस विस्तार को सोनपुर क्षेत्र के नियोजित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके लागू होने के बाद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, निवेश और शहरीकरण की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .