उत्तराखंड

चारधाम यात्रा और मानसून को देखते हुए बेस अस्पताल की तैयारियों का जायज़ा

मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने मरीजों से संवाद कर परखी स्वास्थ्य सेवाएं उपकरणों, मानव संसाधनों और आपदा प्रबंधन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश पौड़ी- गढ़वाल म

AD
admin
2026-06-04
चारधाम यात्रा और मानसून को देखते हुए बेस अस्पताल की तैयारियों का जायज़ा
चारधाम यात्रा और मानसून को देखते हुए बेस अस्पताल की तैयारियों का जायज़ा

मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने मरीजों से संवाद कर परखी स्वास्थ्य सेवाएं

उपकरणों, मानव संसाधनों और आपदा प्रबंधन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश

पौड़ी- गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं तथा चारधाम यात्रा के दौरान मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं हर समय सुचारु रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने आपातकालीन कक्ष, आईसीयू, ब्लड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब, बायोकेमिस्ट्री लैब, पैथोलॉजी लैब एवं कैथ लैब सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और मानव संसाधनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मंडलायुक्त ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान अस्पताल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं अन्य मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रा सीजन में अस्पताल की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से सक्रिय एवं सुव्यवस्थित रहनी चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सकों से आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं संसाधनों की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन उपकरणों की आवश्यकता है, उनकी खरीद प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। आगामी मानसून एवं संभावित आपदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, संसाधनों तथा अतिरिक्त मानव संसाधन की मांग संबंधी प्रस्ताव जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आपदा के समय मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए फिटर एवं विद्युत कर्मियों की आवश्यकता संबंधी प्रस्ताव भी शीघ्र भेजने को कहा।

मंडलायुक्त ने अस्पताल की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि अस्पताल को एसटीपी प्रणाली से जोड़ने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान है और यहां मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. दीपा हटवाल, प्रशासनिक अधिकारी संदीप पंवार सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Enjoying this post?

Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .

AD

admin

Editor in Chief

Janhitmail Editorial Team & Administrator.

More from Janhitmail

No other posts found.