कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मेरठ में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडलों के अधिकारियों के अलावा उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से शामिल हुए।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा का शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने “शून्य दुर्घटना, शून्य घटना” के लक्ष्य के साथ यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक से पहले उन्होंने बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने अधिकारियों को असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप डीजे संचालन और ध्वनि सीमा का पालन सुनिश्चित करने के साथ पड़ोसी राज्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में एडीजी भानु भास्कर, मंडलायुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे सहित विभिन्न राज्यों और मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .