हरिद्वार – अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए SDRF उत्तराखण्ड निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रही है। एक ओर SDRF की टीमें हरिद्वार जनपद के विभिन्न संवेदनशील घाटों एवं ड्यूटी प्वाइंट्स पर 24×7 मुस्तैदी के साथ तैनात रहकर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित रेस्क्यू कार्य कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर मानवता एवं जनसेवा के अपने मूल उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध करा रही हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 05 अगस्त 2026 को जनपद हरिद्वार स्थित शंकराचार्य चौक पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में यात्रा के दौरान अस्वस्थ अथवा थकान महसूस कर रहे कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही चिकित्सकों के परामर्शानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को तत्काल राहत मिल सके और उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।

कांवड़ यात्रा के दौरान SDRF की टीमें केवल आपदा एवं दुर्घटनाओं में ही नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रकार की मानवीय सहायता के लिए भी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही हैं। विभिन्न घाटों पर जलधारा में बहने अथवा डूबने की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए SDRF अब तक लगभग 30 कांवड़ियों की सकुशल जान बचा चुकी है। इसके अतिरिक्त बेहोश, घायल एवं अस्वस्थ श्रद्धालुओं को स्ट्रेचर के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों तक पहुंचाना, लापता व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलाना तथा अन्य आपातकालीन सहायता निरंतर प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर सहायक सेनानायक सुशील रावत, निरीक्षक कविन्द्र सजवाण, सब इंस्पेक्टर आशीष त्यागी, सुरेंद्र सिंह, फार्मासिस्ट नरेंद्र पंवार सहित SDRF के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे तथा श्रद्धालुओं की सेवा में पूर्ण समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
सेनानायक SDRF उत्तराखण्ड श्री अर्पण यदुवंशी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखना भी हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निःशुल्क चिकित्सा शिविर के माध्यम से जरूरतमंद श्रद्धालुओं को समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट्स पर तैनात SDRF टीमें आवश्यकता पड़ने पर त्वरित रेस्क्यू एवं सहायता प्रदान कर श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर तत्पर हैं।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .