एसएसपी दून की सख्ती भू- माफियाओं पर पड़ रही भारी
देहरादून। देहरादून में भूमि धोखाधड़ी के मामलों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सहसपुर पुलिस ने 65 लाख रुपये की कथित जमीन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर पीड़ित से लाखों रुपये की ठगी की और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में भूमि धोखाधड़ी में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हरबर्टपुर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने सहसपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन, दीपक और अन्य पर आपराधिक साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का सौदा करने के नाम पर 65 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया था।
प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सहसपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी साक्ष्यों में आरोपी दीपक की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे धर्मावाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक (28 वर्ष), पुत्र मदन सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, आसनपुल फतेहपुर, थाना सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया है।
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी धर्मावाला उपनिरीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .