झारखंड के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में इस वर्ष राजकीय श्रावणी मेला 31 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त (रक्षा बंधन) तक चलेगा। मेले के दौरान श्रद्धालु स्पर्श पूजा नहीं कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस अवधि में स्पर्श पूजा पर रोक लगाने का फैसला किया है। श्रद्धालु अर्घा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि 31 जुलाई से 28 अगस्त की दोपहर तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इस बीच मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि लाखों कांवरियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस बार विभिन्न पंचांगों में श्रावणी मेले और सोमवारी की तिथियों को लेकर अंतर है। वहीं, नाग पंचमी और सोमवारी के संयोग के कारण बाबा धाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रावण मास में 2 से 15 अगस्त तक मधुश्रावणी पर्व मनाया जाएगा। इसके बाद 17 अगस्त को मां मनसा देवी की पूजा और 23 से 28 अगस्त तक झूलनोत्सव का आयोजन होगा। रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को राजकीय श्रावणी मेले का समापन होगा।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .