पौड़ी गढ़वाल: जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में डिजिटल युवा महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी फिटनेस, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है।
जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का संचालन ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण से लेकर वीडियो, रील और फोटो अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहर का प्रचार-प्रसार करना तथा उनकी प्रतिभाओं को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत एवं टीम श्रेणी में प्रतिभाग कर सकेंगे। चार सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में पहले सप्ताह सूर्य नमस्कार चैलेंज और ‘मेरा जनपद-मेरी पहचान’, दूसरे सप्ताह पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज और ‘माई उत्तराखण्ड, माई प्राइड’, तीसरे सप्ताह स्किपिंग/प्लैंक चैलेंज एवं युवा फोटोग्राफी चैलेंज, जबकि अंतिम सप्ताह फिटनेस फिनाले और ‘वन मिनट-वन स्किल’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी मौलिक वीडियो, रील या फोटो फिट उत्तराखण्ड ऐप पर अपलोड करनी होगी। संपादित, विशेष प्रभावयुक्त, पूर्व प्रकाशित अथवा निर्धारित समय के बाद प्राप्त प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 और ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा मंगल दलों, महिला मंगल दलों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ पर पंजीकरण कर डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .