क्राइम

देश के 16 राज्यों में ₹110 करोड़ की ठगी, प्रयागराज पुलिस ने 114 बैंक खाताधारकों को दबोचा

प्रयागराज: देश के 16 राज्यों में हुई 110 करोड़ रुपये की विशाल साइबर ठगी के मामले में प्रयागराज की साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने साइबर अपर

AD
admin
2026-07-13
देश के 16 राज्यों में ₹110 करोड़ की ठगी, प्रयागराज पुलिस ने 114 बैंक खाताधारकों को दबोचा
देश के 16 राज्यों में ₹110 करोड़ की ठगी, प्रयागराज पुलिस ने 114 बैंक खाताधारकों को दबोचा

प्रयागराज: देश के 16 राज्यों में हुई 110 करोड़ रुपये की विशाल साइबर ठगी के मामले में प्रयागराज की साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले 114 मोबाइल और संदिग्ध बैंक खाताधारकों (म्यूल अकाउंट होल्डर्स) को धर-दबोचा है। जिले के विभिन्न इलाकों से हिरासत में लिए गए इन सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। हालांकि, सात साल से कम की सजा का प्रावधान होने के कारण पुलिस इनका रिमांड नहीं बनवा सकी और इन्हें कानूनी नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर ‘ऑपरेशन साइबर वज्र’ चलाया जा रहा है। इसके तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय के एनसीआरपी, समन्वय, प्रतिबिंब पोर्टल और डिजिटल इंटेलिजेंस के जरिए ठगी में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध बैंक खातों को ट्रैक किया गया था। जांच में सामने आया कि 16 राज्यों में हुई 110 करोड़ की ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए प्रयागराज के इन खातों का इस्तेमाल हुआ था। इस संबंध में विभिन्न थानों में 18 मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिन पर उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से 182 शिकायतें मिली थीं।

साइबर सेल प्रभारी घनश्याम यादव और साइबर क्राइम थाना प्रभारी ओमनारायण गौतम की अगुवाई में कुल 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। रविवार को साइबर सेल, सर्विलांस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीमों ने छापेमारी कर इन 114 आरोपियों को दबोचा और इनके खिलाफ विधिक कार्यवाही की।

साइबर पुलिस की जनता से अपील और जरूरी गाइडलाइंस:
साइबर क्राइम पुलिस ने आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए कुछ बेहद महत्वपूर्ण बातें साझा की हैं:

बैंक खाता किराए पर न दें: कमीशन, नौकरी या किसी भी प्रलोभन में आकर अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता न दें। ऐसा करने पर आपका खाता फ्रीज हो सकता है और आपको जेल जाना पड़ सकता है।

सिम कार्ड का दुरुपयोग रोकें: अपने नाम का मोबाइल नंबर किसी अनजान को इस्तेमाल न करने दें। आपके नाम पर कितने सिम एक्टिव हैं, इसकी जांच भारत सरकार के ‘संचार साथी’ पोर्टल (https://tafcop.sancharsaathi.gov.in/) पर जाकर जरूर करें।

सोशल मीडिया फ्रॉड से बचें: टेलीग्राम या इंस्टाग्राम पर दिखने वाले पार्ट-टाइम जॉब, इन्वेस्टमेंट या ट्रेडिंग के लुभावने ऑफर्स से दूर रहें। ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के जरिए आने वाले पैसों का संबंध भी अक्सर साइबर अपराध से होता है।

यहाँ करें शिकायत: यदि आप किसी साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

Enjoying this post?

Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .

AD

admin

Editor in Chief

Janhitmail Editorial Team & Administrator.

More from Janhitmail

No other posts found.