पौड़ी: पौड़ी-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे ग्राम ऐराड़ी (पट्टी सितोनस्यूं-4), तहसील पौड़ी में दून हैचरीज लिमिटेड द्वारा खरीदी गई भूमि के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय जांच समिति ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज जुटा लिए हैं। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनसामान्य और सोशल मीडिया से प्राप्त तथ्यों के आधार पर 3 अगस्त को अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया। समिति में संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी, उप निबंधक पौड़ी तथा जिला विकास प्राधिकरण के प्रभारी अधिशासी अभियंता को सदस्य बनाया गया है।
जांच समिति ने स्थल का निरीक्षण कर भूमि की वर्तमान स्थिति, निर्माण गतिविधियों और राजस्व अभिलेखों का प्रारंभिक परीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों से भूमि क्रय, उसके उद्देश्य, स्वीकृत अनुमतियों तथा निर्माण कार्य से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक संबंधित स्थल पर कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .