मध्य प्रदेश

एमपी ट्रांसको के एसएलडीसी जबलपुर को मिला ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन, सूचना सुरक्षा में रचा नया कीर्तिमान

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के जबलपुर स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन

AD
admin
2026-07-23
एमपी ट्रांसको के एसएलडीसी जबलपुर को मिला ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन, सूचना सुरक्षा में रचा नया कीर्तिमान
एमपी ट्रांसको के एसएलडीसी जबलपुर को मिला ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन, सूचना सुरक्षा में रचा नया कीर्तिमान

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के जबलपुर स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) को सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन मिला। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इसे प्रदेश के विद्युत क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

भोपाल।

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (एमपी ट्रांसको) के जबलपुर स्थित स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) ने सूचना सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ISO/IEC 27001:2022 का अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त किया है। यह प्रमाणन सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली (Information Security Management System-ISMS) के लिए प्रदान किया गया है।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश के विद्युत क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि देश के बड़े राज्यों के भार प्रेषण केंद्रों में SLDC जबलपुर इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन को प्राप्त करने वाले अग्रणी केंद्रों में शामिल हो गया है।

अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा एसएलडीसी

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित क्वालिटी एशिया सर्टिफिकेशन संस्था द्वारा विस्तृत मूल्यांकन और तकनीकी ऑडिट के बाद यह प्रमाणन प्रदान किया गया। ऑडिट के दौरान एसएलडीसी की सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को ISO/IEC 27001:2022 के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पाया गया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में विद्युत ग्रिड का संचालन पूरी तरह सूचना एवं संचार प्रणालियों पर आधारित है। ऐसे में साइबर सुरक्षा, डेटा संरक्षण और परिचालन संबंधी सूचनाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। यह प्रमाणन एमपी ट्रांसको की आधुनिक और सुरक्षित विद्युत प्रबंधन प्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पहले भी मिल चुकी है राष्ट्रीय पहचान

एसएलडीसी जबलपुर इससे पहले भी सूचना सुरक्षा और आधुनिक ग्रिड प्रबंधन के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल कर चुका है। हाल ही में इसे सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया गया था।

इसके अलावा आधुनिक ग्रिड संचालन, रियल टाइम मॉनिटरिंग, ऊर्जा प्रबंधन और अत्याधुनिक संचार प्रणालियों के प्रभावी उपयोग के कारण एसएलडीसी देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली की मांग के बीच सुरक्षित और निर्बाध ग्रिड संचालन सुनिश्चित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

आईटी और ओटी सिस्टम का हुआ व्यापक मूल्यांकन

एसएलडीसी जबलपुर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एवं मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान केंद्र के सभी नियमित एवं आउटसोर्स कार्मिकों, प्रक्रियाओं तथा सूचना परिसंपत्तियों का व्यापक मूल्यांकन किया गया।

ऑडिट में रियल टाइम ग्रिड ऑपरेशन, विद्युत प्रणाली की शेड्यूलिंग, निगरानी एवं नियंत्रण, संचार नेटवर्क, आईटी (Information Technology) और ओटी (Operational Technology) अवसंरचना, सूचना सुरक्षा जोखिम प्रबंधन, साइबर सुरक्षा उपाय, डेटा संरक्षण तथा व्यवसाय निरंतरता (Business Continuity) जैसी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि सभी मानकों पर सफल पाए जाने के बाद ही ISO/IEC 27001:2022 प्रमाणन प्रदान किया गया। इससे न केवल एसएलडीसी की कार्यप्रणाली को वैश्विक मान्यता मिली है, बल्कि मध्यप्रदेश की विद्युत प्रणाली की सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता भी और अधिक मजबूत हुई है।

Enjoying this post?

Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .

AD

admin

Editor in Chief

Janhitmail Editorial Team & Administrator.

More from Janhitmail

No other posts found.