झारखंड के पलामू के चियांकी में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान मुआवजे को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, इलाके में BNSS की धारा 163 लागू।
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के चियांकी में फ्लाईओवर और फोरलेन निर्माण के दौरान मुआवजे के विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प में पथराव के दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, NH-39 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर परियोजना के तहत चिन्हित मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि अधिग्रहित जमीन का मुआवजा कृषि भूमि की दर से तय किया गया, जबकि जमीन आवासीय और व्यावसायिक उपयोग में थी। इसी विवाद के बीच पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया।
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में BNSS की धारा 163 लागू कर दो दिनों के लिए निषेधाज्ञा लगा दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निर्माण कार्य सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .