देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस ने शक्ति विहार, चूना भट्ठा, अधोईवाला क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को सूचना मिली कि शक्ति विहार, चूना भट्ठा, अधोईवाला में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के दौरान एक पक्ष के तीन लोगों द्वारा दूसरे पक्ष के दो व्यक्तियों के साथ मारपीट किए जाने के तथ्य सामने आए।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कौशल्या (46 वर्ष), विशाल (28 वर्ष) और चंचला देवी (24 वर्ष), निवासी चूना भट्ठा, रायपुर को हिरासत में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .