देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल है। पुलिस ने कार चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21-22 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे 112 के माध्यम से कैनाल रोड पर दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां UP14DE 0052 नंबर की आई-20 कार, स्कूटी UK07AD 5929 और मोटरसाइकिल UK02BO 7044 क्षतिग्रस्त हालत में मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक ने सड़क किनारे खड़े स्कूटर और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पर सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके से कार चालक सुमित यादव (20) निवासी काठबंगला बस्ती भाग-2, राजपुर, देहरादून और उसके साथी हाशिम (24) निवासी सुमन नगर, राजपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि काठबंगला से कैनाल रोड की ओर आते समय कार के ब्रेक नहीं लग पाए, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकरा गया।
हादसे में घायल नैना राजपूत (26) पत्नी अभिषेक मेहरा, निवासी पोहली, दूधली, डोईवाला, देहरादून की उपचार के दौरान मैक्स अस्पताल में मृत्यु हो गई। वहीं दूसरी घायल महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल कर लिया है। मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना की विस्तृत जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .