देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि कलेंनमेंट थाना क्षेत्र की नई बस्ती स्थित दुर्गा मंदिर के पास बरसाती नाले में दो बच्चियां तेज बहाव में बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई हैं। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंट टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को रैंप के नीचे से बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं। बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटियां दोपहर करीब 1 बजे घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं।
इसी दौरान नाले में अचानक तेज पानी आ गया और दोनों बहकर रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक जब बच्चियां घर नहीं लौटीं तो उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में नई बस्ती में किराए पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना के समय बच्चियों के पिता किसी काम से अपने गांव बिहार गए हुए थे। पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दे दी है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से पूछताछ में भी सामने आया कि दोनों बच्चियां तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गई थीं, जिससे उनकी डूबने से मौत हुई। प्रथम दृष्टया यही हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .