देहरादून। उत्तराखण्ड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रभावी नेतृत्व और जनस्वास्थ्य संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए “Best Drug Controller of India” राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से उत्तराखण्ड FDA और पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड FDA ने खाद्य सुरक्षा और औषधि गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाए हैं। विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाए, खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, नमूने एकत्र किए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की।
औषधि प्रशासन के क्षेत्र में भी विभाग ने नकली और अवैध दवाओं के कारोबार पर अंकुश लगाने, मेडिकल स्टोरों एवं दवा निर्माण इकाइयों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया है।
ताजबर सिंह जग्गी की कार्यशैली में सख्त प्रवर्तन के साथ बेहतर समन्वय और परिणाम आधारित दृष्टिकोण देखने को मिला है। उनके नेतृत्व में विभाग ने जनजागरूकता अभियानों को भी गति दी, जिससे आम लोगों तक सुरक्षित खाद्य पदार्थ और गुणवत्तापूर्ण औषधियां पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिली।
“Best Drug Controller of India” राष्ट्रीय पुरस्कार को उत्तराखण्ड FDA की बेहतर कार्यप्रणाली और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान माना जा रहा है। इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने ताजबर सिंह जग्गी को बधाई देते हुए इसे पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव का क्षण बताया।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .