देहरादून। पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 13 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में कई रॉयल एनफील्ड बुलेट के अलावा एक्टिवा, स्प्लेंडर और सिटी 100 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, चंद्रबनी चोयला निवासी आदित्य और शक्ति विहार माजरा निवासी दीपक सिंघल ने अपनी-अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी होने की शिकायत पटेलनगर कोतवाली में दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में वाहन चोरी के मामलों में सामने आए आरोपियों की गतिविधियों और मौजूदा स्थिति की भी जानकारी जुटाई गई।
लगातार निगरानी और जांच के बाद 10 अगस्त को पुलिस टीम ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नवनिर्मित सड़क पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की दो बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने देहरादून के अलग-अलग इलाकों से कई दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।
निशानदेही पर बरामद हुईं 13 गाड़ियां
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच अन्य रॉयल एनफील्ड बुलेट समेत कुल 13 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें बुलेट के अलावा तीन एक्टिवा स्कूटी, दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक सिटी 100 बाइक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में दो अन्य चोरी के वाहनों के बारे में भी जानकारी दी है। इनमें एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल हरिद्वार के श्यामपुर थाने में और दूसरा वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया जाना बताया गया है। इन वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों को बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहनों को चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए चोरी की गाड़ियों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी और उन्हें गलियों के रास्ते पहले से तय स्थानों पर छिपा दिया जाता था।
आरोपियों के मुताबिक, सही ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को बेच दिया जाता था। इसके अलावा कुछ वाहनों को नंबर प्लेट हटाकर अपने परिचितों को किराये पर भी दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों को देहरादून से बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी में थे और इसके लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय विवेक सिंह विश्नोई, निवासी श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और 20 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार के रूप में की है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में पटेलनगर, नगर कोतवाली, क्लेमेंटटाउन और नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्रों से संबंधित बुलेट भी शामिल हैं। अन्य वाहनों के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा ढाई हजार रुपये का इनाम
वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के प्रयासों की एसएसपी देहरादून ने सराहना की है। टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
कार्रवाई में पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक विनय मित्तल समेत एसओजी और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
Enjoying this post?
Subscribe to Janhitmail to get deep dives like this delivered directly to your inbox .